शहर में अतिक्रमण अभियान के संबंध में सोमवार को
उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट से मुलाकात की और
व्यापारियों का उत्पीड़न किए बगैर अतिक्रमण हटाने में सहयोग करने का
आश्वासन दिया।
उद्योग व्यापार संगठन के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अचल
अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापार संगठन के पदाधिकारियों ने अतिक्रमण हटाने
के बाबत सिटी मजिस्ट्रेट लक्ष्मी शंकर सिंह से मुलाकात कर विचार विमर्श
किया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि राज्यसभा सांसद की मंशा है कि शहर
में अतिक्रमण साफ हो।
जिसका वह भी समर्थन करते हैं और प्रशासन को उसमें
सहयोग प्रदान करेंगे, पर अभियान में किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न न किया
जाए। जिलाध्यक्ष पवन जैन ने कहा कि जहां पर सड़क चौड़ी है, वहां पर
व्यापारियों को पांच फिट और जहां पर संकरी है वहां पर तीन फिट स्थान दिया
जाए।
उन्होंने कहा कि शहर में जाम के लिए व्यापारी ही नहीं, अपितु अवैध
रूप संचालित टैक्सी स्टैंड, सड़क पर रखे ट्रांसफार्मर, आड़े तिरछे लगे
विद्युत पोल हैं, जिससे वहां से वाहन नहीं निकल सकते है।
इनका भी स्थायी
समाधान खोजा जाए। सिटी मजिस्ट्रेट ने पदाधिकारियों के सुझाव पर विचार करने
का आश्वासन दिया और कहा कि सड़क पर खोखे आदि से स्थायी अतिक्रमण नहीं होने
दिया जाएगा। जो पटरी दुकानदार हैं, वह अस्थाई व्यवस्था कर लें ताकि जाम आदि
के समय सामान इधर-उधर हटाया जा सके।