पोस्टमार्टम हाउस के बाहर मौजूद मृतकों के परिजन।
- फोटो : amarujala
माधौगंज। तिलक समारोह से लौट रही ट्रैक्टर-टॉली सोमवार रात कटरा बिल्हौर हाईवे पर ट्रक की टक्कर लगने से पलट गई। हादसे में उस पर सवार बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र निवासी लड़की के पिता, चाचा सहित तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए। उन्हें सीएचसी माधौगंज में भर्ती कराया गया। मंगलवार को पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया।
उन्नाव जिले की बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत रूरी सादिकपुर के मजरा लक्ष्मीखेड़ा निवासी वीरेंद्र यादव 40 पुत्र गंगाराम की बेटी रिंकी की शादी बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के करीमपुर गांव निवासी अजीत पुत्र राम लड़ैते से तय हुई है। सोमवार को रिंकी का तिलक था।
वीरेंद्र, उसके परिजन और रिश्तेदार ट्रैक्टर ट्रॉली से तिलक चढ़ाने आए थे। तिलक का कार्यक्रम होने के बाद तेज आंधी आ गई। इससे लड़की पक्ष के लोग कुछ देर के लिए रुक गए। रात करीब एक बजे के बाद ये लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से बांगरमऊ के लिए निकले। माधौगंज थानाक्षेत्र में रुदामऊ पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।
इससे वह बेकाबू होकर खाई में पलट गया। ट्रॉली में बैठे वीरेंद्र यादव, उनके चचेरे भाई विद्यासागर (45) पुत्र साहबलाल के सिर में गंभीर चोटें आईं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा शिवम (14) पुत्र विद्यासागर, आदर्श (7) पुत्र गुरुप्रसाद घायल हो गए। अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।
ट्रॉली में सवार रामबली (40) पुत्र श्रीकेशन हादसे के बाद बदहवास होकर भागा। खेत में बिजली का तार टूटा पड़ा था और उसमें करंट भी दौड़ रहा था। करंट की चपेट में आने से रामबली की भी मौत हो गई। ट्रॉली में सवार 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में पुलिस मौके पर पहुंची और शिवम और आदर्श सहित अन्य घायलों को सीएचसी माधौगंज पहुंचाया।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। एसओ जटा शंकर ने बताया कि अभी पीड़ित पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।