हरदोई। सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में जनपद में टॉप करने वाले शिववेंद्र पाल आईएएस अफसर बनकर देश सेवा करना चाहते हैं। श्री गुरु रामराय पब्लिक स्कूल के छात्र शिववेंद्र ने 97.6 फीसदी अंक हासिल किए हैं।
शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर मढ़िया पचकोहरा निवासी शिववेंद्र सात भाई बहनों में सबसे छोटे हैं। उनके पिता शिव मंगल पाल नलकूप ऑपरेटर के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि मां विमला देवी गृहणी हैं।
शिववेंद्र ने बताया कि उन्हें ये भरोसा था कि बेहतरीन अंकों से सफलता मिलेगी, लेकिन जनपद में टॉप करने के बारे में नहीं सोचा था। हर रोज सात से आठ घंटे पढ़ाई की। शिववेंद्र का कहना है कि आगे लक्ष्य को साधने के लिए पूरी तैयारी कर रहे हैं। सफलता का श्रेय वह परिजनों और गुरुजनों के साथ मेहनत को देते हैं।