फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्तिक पूर्णिमा आज, गंगा में श्रद्धालु लगाएंगे पुण्य की डुबकी

विज्ञापन
विज्ञापन
हरदोई। कार्तिक पूर्णिमा पर आज मंगलवार को जिले के घाटों में श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाएंगे। गंगा नदी के किनारे जिले में राजघाट, बेरियाघाट और चियासर घाट हैं। इनमें सबसे अधिक भीड़ राजघाट पर होती है। प्रशासन ने सोमवार तक तैयारियां पूरी कर लीं।
विज्ञापन

मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में गंगा किनारे बेरिया घाट है। घाट पर मेले और गंगा स्नान के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस की तैयारियां पूरी हैं। मल्लावां कोतवाल शिवशंकर सिंह के मुताबिक स्नान और मेले के लिए सुरक्षा में तीन कोतवाल, 10 उपनिरीक्षक, 19 महिला सिपाही, 42 होमगार्ड, ट्रैफिर पुलिस के चार सिपाही, एक फायर टेंडर, डेढ़ सेक्शन पीएसी तैनात की गई है। साथ ही आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया है। इसके अलावा मेला परिसर में पेयजल व्यवस्था के लिए चार टैंकर रहेंगे।
चार मोबाइल टॉयलेट, 45 कूड़ादान के साथ ही 20 सफाईकर्मी लगाए गए हैं। मल्लावां नगर पालिका के ईओ मुकेश कुमार निगम ने बताया कि मेले में लाइट के लिए भी डीजल की व्यवस्था की जा रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद मिश्रा ने बताया कि मल्लावां और माधौगंज सीएचसी का संयुक्त स्वास्थ्य शिविर भी बेरियाघाट पर लगाया गया है। यहां चार-चार डॉक्टरों की ड्यूटी शिफ्ट में लगाई गई है। दो फार्मासिस्ट तैनात किए गए हैं। एक मेडिकल मोबाइल यूनिट भी लगाई गई है।
विज्ञापन

उधर, राजघाट पर भी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। एसडीएम बिलग्राम रामविलास यादव ने बताया कि राजघाट पर एनडीआरएफ की एक टीम मौजूद रहेगी। 20 गोताखोर और नाव की व्यवस्था भी कर दी गई है। हर नाव पर एक पुलिसकर्मी, एक राजस्वकर्मी और एक गोताखोर रहेगा। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. विनीत तिवारी के नेतृत्व में टीम मुस्तैद रहेगी। यहां हर वक्त एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट और एक वार्ड ब्वाय रहेगा। दो एंबुलेंस भी 24 घंटे मौजूद रहेंगी। एसडीएम रामविलास यादव के मुताबिक सफाईकर्मी भी बड़ी संख्या में लगाए गए हैं। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि कुल 200 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें एसआई से लेकर रंगरूट तक शामिल हैं। एक सेक्शन पीएसी भी मौजूद रहेगी।
अधिकारियों ने किया घाट का दौरा
सवायजपुर तहसील क्षेत्र के चियासर घाट पर भी गंगा स्नान होगा। कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों के मद्देनजर एसडीएम सवायजपुर कपिल देव यादव, तहसीलदार मूसाराम थारू ने अरवल के प्रभारी निरीक्षक जर्नादन सिंह के साथ घाट का दौरा किया। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा तेरा पुरसौली और सढ़ियापुर में भी गंगा स्नान होता है। यहां भी तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बेरिया घाट मेले के कारण रूट डायवर्जन
मल्लावां कोतवाल शिवशंकर सिंह ने बताया कि आवागमन में श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा गया है। बेरियाघाट जाने वाले श्रद्धालु करवा से बेरिया चौराहा होते हुए घाट जाएंगे या फिर राघौपुर चौराहा से बेरिया चौराहा होकर मेला जाएंगे। मेले से वापस जाने के लिए श्रद्धालु एकघरा से मढ़िया होते हुए राघौपुर चौराहा पहुंचेंगे और यहां से अपने गंतव्य स्थलों को रवाना होंगे।
नए कार्य की शुरुआत के लिए दिन अतिउत्तम
शास्त्री उमाकांत अवस्थी ने बताया कि मंगलवार को पूर्णिमा के साथ ही सर्वार्थ सिद्धि योग भी रहेगा। यह योग 12 नवंबर की रात नौ बजकर 17 मिनट से शुरू हो जाएगा और 13 नवंबर की रात को इसका अंत होगा। मान्यता है कि इस योग में किए गए कार्य से जल्दी सफलता मिलती है। पूर्णिमा तिथि 11 नवंबर की शाम 6:02 मिनट से शुरू होकर 12 नवंबर की शाम 7:02 मिनट तक रहेगी। उन्होंने बताया कि कार्तिक मास में सारे देवता जलाशयों में छिपे होते हैं। भगवान श्रीहरि भी पाताल में निवास करते हैं। इस तिथि पर स्नान करने से एक हजार अश्वमेध यज्ञ के समान फल मिलता है। इसी पूर्णिमा पर भगवान विष्णु चतुर्मास के बाद जागृत अवस्था में होते है। भगवान विष्णु ने इस तिथि पर मत्स्य अवतार लिया था।
चलेंगी 30 अतिरिक्त बसें
राज्य सड़क परिवहन निगम ने भी कार्तिक पूर्णिमा पर होने वाले गंगा स्नान के लिए विशेष तैयारियां की हैं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरबी यादव ने बताया कि मेले के मद्देनजर 30 अतिरिक्त बसें चलाईं जाएंगी। यह बसें राजघाट और पांचाल घाट जाएंगी। रोडवेज बस अड्डे पर रात से ही 15 बसों की व्यवस्था है। यात्रियों की भीड़ को देखकर इनके संचालन का निर्णय किया जाएगा। दो कर्मचारियों की ड्यूटी बिलग्राम में, दो कर्मचारी छिबरामऊ में और दो कर्मचारी बाबूपुरवा में लगाए गए हैं। यह भीड़ का रुख देखकर जानकारी देंगे कि बसों की आवश्यकता कहां पर है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें