कछौना। नगर पंचायत सभागार में मंगलवार को बैठक में सभासद व डूडा जेई के बीच हुए विवाद को सुलझाए जाने के प्रयासों के चलते टल गई। चेयरमैन मीनू विश्वकर्मा व ईओ अनुज अवस्थी की मौजूदगी में विवाद तो सुलझा लिया गया, लेकिन देर होने के कारण महिला सभासद वापस चली गईं, जिसके चलते बैठक स्थगित कर दी गई।
मंगलवार को नगर पंचायत सभागार में बोर्ड की बैठक होनी थी। चेयरमैन मीनू विश्वकर्मा व ईओ अनुज अवस्थी समेत अधिकांश सभासद पहुंच गए। बैठक शुरू होने से पहले सभासद अभय सिंह ने अंबेडकर नगर के सभासद राजकुमार के खिलाफ डूडा के जेई द्वारा चार दिन पहले रिपोर्ट दर्ज कराए जाने का मामला उठाया और उसे सुलझाने की मांग की। इस पर सहमति बनने पर दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराई गई। वार्ता के बाद जैसे तैसे मामला निपटा, लेकिन तब तक तीन घंटे का वक्त बीत चुका था। बैठक में शामिल होने आईं कई महिला सभासद देर होने के चलते वापस चली गईं। सभासदों के वापस जाने के कारण कोरम अधूरा रह गया, जिसके चलते बैठक बैठक टल गई। ईओ अनुज अवस्थी ने बताया कि चार दिन पूर्व हुए विवाद के मामले में सभासद ने अपनी गलती स्वीकार की है, जिसके बाद डूडा के अवर अभियंता ने कार्रवाई करने से मना कर दिया। आपसी सहमति से दोनों के बीच का विवाद सुलझा लिया गया। ईओ ने बताया कि जल्द ही अगली तिथि निर्धारित कर बोर्ड की बैठक की जाएगी।