संडीला। दिल्ली-लखनऊ रेलमार्ग पर युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जेब में मिले आधार कार्ड से युवक की पहचान हुई। घटना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आलमपुर खखरा के पास बृहस्पतिवार सुबह हुई। मृतक के पिता के मुताबिक, युवक की जेब में लखनऊ जाने का रेल टिकट भी मिला है।
कोतवाली क्षेत्र के महसोना निवासी प्रमोद कुमार (30) टाइल मिस्त्री थे। इन दिनों वह लखनऊ में काम कर रहे थे। पिता जगत नारायण के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह रोज की तरह प्रमोद लखनऊ जाने की बात कहकर घर से निकले थे। वह संडीला रेलवे स्टेशन से ट्रेन से लखनऊ जाते थे। संडीला रेलवे स्टेशन से आलमपुर खखरा गांव दो किलोमीटर दूर है। कुछ देर बाद कोतवाली क्षेत्र के आलमपुर खखरा के पास रेलवे ट्रैक की डाउन लाइन पर एक शख्स मालगाड़ी की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोको पायलट ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस को शव की जब में आधार कार्ड मिला। आधार के ब्योरे से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
महसोना निवासी जगत नारायण ने शव की पहचान अपने पुत्र प्रमोद के रूप में की। मौके पर पहुंची प्रमोद की पत्नी रचना शव देखकर बिलख पड़ीं। जगत नारायण ने बताया कि प्रमोद वहां कैसे पहुंचे। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। कोतवाल विद्यासागर पाल ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
फोटो-15- प्रमोद कुमार। फाइल फोटो