बारिश के दौरान रिक्शे पर बैठकर जाती युवती। अमर उजाला
- फोटो : अमर उजाला
बारिश और ओलावृष्टि से सोमवार को ठंड बढ़ गई। तापमान में आठ डिग्री की गिरावट और ठंडी हवा चलने से लोग कांपते रहे। वहीं बिन मौसम बरसात से अन्नदाताओं के माथे पर पसीना आ गया। तेज हवाओं से मल्लावां व पिहानी सहित कई क्षेत्रों में गेहूं की फसल पलट गई।
दो दिन से बदली छाए रहने के बाद सोमवार को मौसम फिर ठंडा नजर आया। रविवार रात से लेकर सोमवार शाम तक रुक-रुककर बारिश हुई। जिले के कई क्षेत्रों में ओले भी गिरे। मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि रविवार रात करीब पांच मिलीमीटर और सोमवार को 19 मिमी बारिश दर्ज की गई। रविवार को जहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री था वहीं सोमवार को अधिकतम 15.6 डिग्री और न्यूनतम नौ डिग्री रिकार्ड किया गया। मंगलवार को भी मौसम में बदली छाए रहने की संभावना है। कृषि अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि यदि बारिश और तेज हुई तो आलू, मटर आदि फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बिलग्राम में कस्बे व आस-पास बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं बारिश के कारण नुमाइश मेला ग्राउंड में कीचड़ रहा।