मल्लावां। बीते बुधवार को आई तेज आंधी और बारिश के बाद टूटे बिजली के खंभों की चार दिन बाद भी मरम्मत नहीं कराई गई। इससे क्षेत्र के तीन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप है।
दुर्जनपुरवा गांव के पास टूटे हाईटेंशन लाइन के खंभे भी न बने होने से करीब 200 परिवारों का गर्मी में जीना मुहाल है। बिजली न होने से उपभोक्ताओं के मोबाइल चार्ज नहीं हो रहे हैं और अन्य विद्युत उपकरण भी शो-पीस बने हुए हैं। विद्युत निगम के जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता का खामियाजा 200 परिवारों के सदस्यों को भुगतना पड़ रहा है।
बता दें कि दुर्जनपुरवा गांव के बाहर सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के पोल गिरने से दुर्जनपुरवा, धनीगंज और साधौपुरवा की विद्युत आपूर्ति चार दिन से ठप है। गांव निवासी पुष्पा देवी, भारत सिंह, राजकिशोर, रामविलास और नीरज ने बताया कि खंभे गिरने के अगले ही दिन उन्होंने उपकेंद्र पर लिखित और मौखिक सूचना दे दी थी। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जिम्मेदारों ने किसी अनहोनी की आशंका पर लाइन तो बंद कर दी लेकिन खंभों को बदलने का काम अभी तक नहीं करवाया है।
वह लोग कई बार फोन कर चुके हैं लेकिन अधिकारी और कर्मचारी फोन ही नहीं उठा रहे हैं। उपकेंद्र पर जाने पर भी कोई सटीक जवाब नहीं मिल रहा है। बताया कि बिजली न होने से मोबाइल स्विच ऑफ हो गए हैं, गर्मी के बीच पंखे, कूलर और अन्य बिजली उपकरण शो-पीस बनकर रह गए हैं। बिजली के अभाव में नलकूप और मोटर न चलने से पानी की किल्लत भी शुरू हो गई है। अवर अभियंता एहतशाम का कहना है कि नए खंभे मंगवाए गए हैं, जल्द ही उन्हें लगवाकर गांवों की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।