हरदोई। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। दो घटनाओं में बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि वह हेलमेट लगाए होते तो जान बच सकती थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र केे ग्राम गौरियापुरवा निवासी श्रवण (28) शहर में एक दुकान पर सेल्समैन था। बुधवार की रात दुकान बंद होने के बाद बाइक से घर जा रहा था। बावन रोड स्थित पेट्रोल पंप के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा, जहां उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों का कोहराम मच गया। बताया गया कि वह हेलमेट नहीं लगाए था जिससे उसके सिर में गहरी चोट लगी थी।
उधर, सांडी थाना क्षेत्र के ग्राम हातिमपुर निवासी संतोष (35) बुधवार की रात करीब 10 बजे सांडी से अपने घर बाइक से जा रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया गया कि हेलमेट न लगाने से संतोष के सिर में गहरी चोट लगी थी जिससे लगातार ब्लीडिंग हो रही थी। ज्यादा रक्तस्राव होने से मौत हो गई।
इधर, अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम नरमदापुर निवासी जितेंद्र (30) गांव के निकट ही एक स्टोर पर काम करता था। बुधवार की रात वह स्टोर से काम निपटाकर पैदल घर जा रहा था। रास्ते में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से घायल हो गया। मौका पाकर चालक बाइक समेत फरार हो गया। परिजन उसे एंबुलेंस से लखनऊ ले जा रहे थे, रास्ते में मौत हो गई। घटना से कोहराम मच गया। थाना इंचार्ज संजय मौर्या ने कहा कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज होगी।