हरदोई। सरकारी योजना में साइकिल और सोलर लाइट दिलाने के नाम पर एक युवक ने डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों से रुपये ऐंठ लिए। योजना का लाभ न मिलने पर भुक्तभोगियों ने डीएम को पत्र देकर ठगी करने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
पिहानी के ग्राम बूढ़ागांव निवासी श्यामल सिंह, कुलदीप आदि ने कलेक्ट्रेट परिसर में बताया कि पंचायत चुनाव के पहले योजना बताकर साइकिल व एक एक सोलर लाइट दिलवाए जाने का लालच देकर ग्राम भीठा पिहानी निवासी युवक ने डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों से पांच सौ से लेकर एक हजार रुपये लिए थे।
साइकिल और सोलर लाइट न मिलने पर रुपये मांगे तो इनकार कर रहा है। भुक्तभोगी ने डीएम रमेश मिश्र को पत्र देकर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी एवं जालसाजी के आरोप में मामला दर्ज कराने की मांग की। इस मौके पर महेंद्र, सत्यपाल, सर्वेश, कमल किशोर, राजन, आदर्श, कृष्णपाल, डालचंद्र, सोबरन, राजेंद्र सिंह, रजनीश, शिव कुमार आदि मौजूद रहे।