हरदोई। ग्राम नगलालोथू में शिक्षामित्र की पत्नी की गला रेतकर की गई हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। महिला की नजदीकियां पड़ोसी से बढ़ जाने के कारण पड़ोसी के घर में कलह होने लगी थी। इसी के चलते पड़ोसी ने दो पुत्रों के साथ उसकी हत्या कर दी थी।
शाहाबाद कोतवाली के ग्राम नगलालोथू निवासी प्रेमचंद्र शिक्षामित्र हैं। पत्नी अनीता 27 जनवरी को घास काटने गई थी। इसके बाद उसका पता नहीं चला था। 28 जनवरी को उसका शव लगभग 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला था। एएसपी पश्चिमी कपिल देव सिंह ने बताया कि शाहाबाद कोतवाल शिवशंकर सिंह को घटना का खुलासा करने के लिए लगाया गया था।
विवेचना के दौरान पता चला कि अनीता की नजदीकियां पड़ोसी कमर खां से थीं। इसको लेकर कमर के घर में कलह हो रही थी। पुलिस ने कमर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो सारी घटना खुल गई। पुलिस का दावा है कि कमर ने दोनों पुत्रों गुफरान और अमन के साथ मिलकर अनीता को गन्ने के खेत में बुलाया था। यहां गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके गले पर हंसिया से ताबड़तोड़ वार कर दिए। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों को जेल भेज दिया है।