संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शाहजहांपुर पुलिस ने रविवार को खाद्य सचिव से लूट के मामले में संदिग्धों की तलाश के लिए जिले में दबिश दी। पुलिस को देखकर नौरंग बगिया के पास तीन लोगों ने फायरिंग कर दी।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक भागने में सफल रहा। पुलिस ने पीछा करते हुए शाहजहांपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी में तीसरे को भी पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि छह नवंबर को खाद्य सचिव से 3,00,000 रुपये की लूट हुई थी। उसी मामले में संदिग्धों की तलाश के लिए पुलिस ने दबिश दी थी। इस घटना में शामिल रहे आठ आरोपियों में से दो को एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर बरामदगी भी हुई थी।
पूछताछ में प्रकाश में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। थाना सिहरामऊ दक्षिणी और एसओजी टीम ने जिले के नौरंग बगिया के पास दबिश दी। वहां पर तीन संदिग्ध लोगों ने घेराबंदी देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस ने कोतवाली देहात के पटवार निवासी निजामुद्दीन गाजी और अरमान गाजी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया गया कि तीसरा आरोपी बाइक से शाहजहांपुर की तरफ भागा। सेहरामऊ की सीमा पर पुलिस की दूसरी टीम ने रोकने का प्रयास किया तो फायरिंग कर दी। जिसमें सिपाही प्रदीप चौहान गोली लगने से घायल हो गए। जवाबी फायरिंग में आरोपी अब्बास गाजी को गोली लगी और पकड़ लिया गया।
घायल अब्बास गाजी को लखनऊ में भर्ती कराया गया है। बताया गया कि पकड़े आरोपियों पर छह से अधिक मुकदमा दर्ज हैं।