शाहाबाद। बीते सोमवार को रेलवे ठेकेदार समेत दो लोगों को लिफ्ट देकर लूटे जाने की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। घटना को अंजाम देने वाले तीन शातिरों को पुलिस ने लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग से हर्रई मोड़ से शनिवार सुबह गिरफ्तार। लूट में इस्तेमाल की गई कार, तीन मोबाइल और 14 हजार रुपये इनके पास से बरामद हुए हैं।
पाली थाना क्षेत्र के गजियापुर निवासी सत्यपाल सिंह रेलवे में कैटरिंग ठेकेदार हैं। वह परेली निवासी अपने दोस्त संजीव कुमार के साथ गोरखपुर से अमरनाथ एक्सप्रेस-ट्रेन से दो फरवरी को शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। रात में वह शाहाबाद जाने के लिए वाहन का इंतजार शाहजहांपुर बाईपास पर कर रहे थे। इस दौरान एक वैन वहां आकर रुकी थी। वैन में सवार तीन लोगों ने उन्हें शाहाबाद तक छोड़ देने की बात कहकर लिफ्ट दी थी।
सत्यपाल का दावा था कि शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के आगापुर मोड़ पर वैन सवार तीनों लोगों ने तमंचे के बल पर दोनों से 10,500 रुपये, दो मोबाइल और बैग छीन लिए थे फिर दोनों को उतारकर वापस शाहजहांपुर की तरफ चले गए थे। सीमा विवाद के कारण घटना के कई घंटों बाद अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह के हस्तक्षेप के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीमें लगी थीं। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि पीलीभीत जनपद के बीसलपुर थाना क्षेत्र के गयासपुर निवासी फहीम, मोहम्मद अनीस और इबरार को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से लूटे गए मोबाइल समेत तीन मोबाइल और बरामद हुए हैं। 14,200 रुपये और घटना में इस्तेमाल वैन भी बरामद हुई है।
फोटो-1-फहीम। संवाद
फोटो-1-फहीम। संवाद