हरदोई। त्योहार आते ही एक ओर पुलिस ने सतर्कता बढ़ाई है तो दूसरी ओर चोर पुलिस को चुनौती देने से नहीं चूक रहे हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र समेत तीन अलग-अलग इलाकों में चोरों ने तीन घटनाओं को सोमवार रात अंजाम दे दिया। खास बात यह है कि दो जगहों पर चोरों ने शराब की दुकानों को निशाना बनाया। तीनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है। शहर कोतवाली में हुई घटना में सीसीटीवी फुटेज में चार संदिग्ध भी नजर आए।
घटना-1
मॉडल शॉप में चोरी, चार संदिग्ध दिखे फुटेज में
शहर कोतवाली क्षेत्र के सर्कुलर रोड पर सिरसा निवासी विनय गुप्ता की मॉडल शॉप है। शराब की इस दुकान को चोरों ने रात में किसी समय निशाना बनाया। शटर उचकाकर अंदर घुसे चोर अंग्रेजी शराब की बोतलें और दिन भर की आमदनी चोरी कर ले गए। विनय गुप्ता ने बताया कि आमदनी के रुपये सीधे बैंक ही भेजे जाते हैं। कितने रुपये और शराब चोरी हुई है के सवाल पर उन्होंने बताया कि अभी हिसाब नहीं जोड़ पाए हैं। लगभग 10 लाख रुपये चोरी होने का दावा उन्होंने किया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह लगभग चार बजे मंडी चौकी प्रभारी ने ही विनय गुप्ता को दी।
घटना-2
कंपोजिट शॉप से बीयर की 36 केन और 87 हजार रुपये चोरी
हरदोई-लखनऊ मार्ग पर कछौना कोतवाली क्षेत्र के ज्ञानपुर मोड़ के पास स्थित कंपोजिट शॉप काे भी सोमवार रात चोरों ने निशाना बनाया। सेल्समैन राजीव कुमार ने बताया कि सोमवार रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात कुछ लोगों ने दुकान का शटर टूटा होने की जानकारी दी। इस पर वह मौके पर पहुंचे। बताया कि चोरों ने 87 हजार रुपये, बीयर की 36 केन, अंग्रेजी शराब की तीन बोतल और तीन पौवा चोरी कर लिए। दुकान में लगे कैमरों को चोरों ने तोड़ दिया। डीवीआर भी चुरा ले गए। कोतवाल अनिल कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
घटना-3
सरायऊद में बंद मकान से नकदी-जेवर ले गए चोर
माधौगंज थाना क्षेत्र के सरायऊद निवासी रामआसरे के मकान को भी सोमवार रात चोरों ने निशाना बनाया। राम आसरे ने बताया कि गांव में उनके दो मकान हैं। एक मकान बंद कर दूसरे मकान में परिवार सो रहा था। मंगलवार सुबह लगभग चार बजे उनकी पत्नी रमाकांती बंद मकान में पहुंचीं तो दरवाजा खुला मिला। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। दावा है कि बक्से में रखी चांदी की पांच जोड़ी पायल, एक सिक्का, बिछिया, सोने की एक बाली और बुंदा व 10 हजार रुपये चोरों ने चोरी कर लिए। थानाध्यक्ष राजकुमार सरोज ने बताया कि घटना संज्ञान में है। प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
फोटो-23- चोरी की घटना की जांच करते पुलिसकर्मी। संवाद