हरदोई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में कक्षा 10 और कक्षा 12 में रुपये देकर पास होने की उम्मीद रखने वाले विद्यार्थियों को अब कार्रवाई का भय सता रहा है।
सॉल्वर गैंग के पास पकड़ी गई उत्तरपुस्तिका के साथ करीब 65 प्रवेश पत्र भी मिले थे। लिखी मिली उत्तर पुस्तिकाओं पर कुछ रोल नंबर भी मिले। इससे एसटीएफ की कार्रवाई के बाद इन विद्यार्थियों से भी पूछताछ किए जाने से कार्रवाई की आशंका बनी हुई है।
बोर्ड परीक्षा में कक्षा 10 और कक्षा 12 पास करने के लिए विद्यालयों में छात्र पंजीकरण करा लेते हैं। इसके बाद बिना परीक्षा दिए रुपये देकर सॉल्वर के माध्यम से पास होने की आस रखते हैं। विद्यालयों के संचालक भी ऐसे छात्रों की तलाश में रहते हैं और रुपये लेकर सॉल्वर गैंग से परीक्षा में पास कराने की गारंटी दे देते हैं। एसटीएफ ने बोर्ड परीक्षा में जगन्नाथ सिंह इंटर कॉलेज कटियामऊ गढ़ी और जय सुभाष महाबली इंटर कॉलेज दलेलनगर में केंद्र व्यवस्थापक व कॉलेज प्रबंधक के मकान में सॉल्वर गैंग को पकड़ा था।
एसटीएफ ने दोनों केंद्र व्यवस्थापकों के मकान से कक्षा 10 और कक्षा 12 की लिखी हुई उत्तरपुस्तिका पकड़ी थीं। जगन्नाथ सिंह इंटर कॉलेज कटियामऊ गढ़ी की प्रबंधक के मकान से 65 प्रवेश पत्र भी बरामद हुए थे। एसटीएफ ने कछौना कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट में प्रवेश पत्र और रोल नंबर मिलने का भी जिक्र किया है। इससे पुलिस जांच में इन विद्यार्थियों पर भी कार्रवाई की आशंका बनी हुई है।
-
परीक्षा में रुपये लेकर कॉपी लिखवाने की तह तक पहुंचने में होगी आसानी
बोर्ड परीक्षा की रुपये लेकर कॉपी लिखवाए जाने की जड़ तक पहुंचने में पुलिस को प्रवेश पत्र और रोल नंबर मददगार साबित होंगे। एसटीएफ ने बरामद प्रवेश पत्र पुलिस को दे दिए हैं, जबकि रोल नंबर का खुलासा रिपोर्ट में किया गया है।
-
सॉल्वर गैंग से कॉपी लिखवाए जाने की एसटीएफ ने पुलिस में रिपोर्ट की है। ऐसे में अब रिपोर्ट की जांच पुलिस कर रही है। पुलिस जांच में सॉल्वर गैंग, रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का राजफाश हो जाएगा। -बाल मुकुंद प्रसाद, डीआईओएस