सवायजपुर। विकास खंड भरखनी के 55 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवनों का निर्माण होना है। अब तक 11 पंचायत भवनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है 37 पंचायतों में भवनों के निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है।
ग्राम भईलामऊ, सहजनपुर, चांदपुर, कनकापुर उबरिया और मदनापुर गांव में अब तक पंचायत भवन का निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। इन गांवों में पंचायत भवनों के निर्माण का कार्य भूमि न मिलने के कारण शुरू नहीं कराया जा सका है।
बीडीओ विद्याशंकर कटियार ने बताया कि इन जगहों पर पर भूमि चयन का प्रयास किया जा रहा है। जमीन मिलने पर कार्य शुरू कराया जाएगा। बताया कि भगवंत नगर व दघेला ग्राम पंचायतों में निवर्तमान प्रधानों के सहयोग न करने के कारण निर्माण कार्य अधर में लटका है।
निजी भूमि पर पंचायत भवन की नींव भरवाने की शिकायत
सवायजपुर। भरखनी ब्लॉक की ग्राम पंचायत कनकापुरा उबरिया निवासी बांके बिहारी, अजीत कुमार, रामवीर दुबे व राम बहादुर ने एसडीएम दीपक वर्मा को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि निवर्तमान प्रधान ने प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल तोड़कर उनकी निजी कृषि भूमि पर गलत तरीके से पंचायत भवन की नींव भराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया, जबकि पास ही ग्राम पंचायत की पर्याप्त भूमि उपलब्ध है।
किसानों ने बताया कि विरोध करने पर प्रधान विवाद करने पर उतारू हो गए। एसडीएम दीपक वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। लेखपाल व कानूनगो को मौके पर भेजकर पैमाइश कराई जाएगी। राजस्व टीम से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।