हरदोई। बीते साल 2020 की खट्टी मीठी यादें और कटु अनुभव भूल नए साल 2021 के स्वागत के लिए गुरुवार को पूरे दिन तैयारियां होती रहीं। युवाओं ने नए साल का जश्न मनाने के लिए खास तैयारी की थी। गुरुवार रात 12 बजने के बाद जैसे ही घड़ी में समय और तिथि बदली वैसे ही पूरा शहर हैप्पी न्यू ईयर के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। घरों से लेकर रेस्टोरेंट तक लोग नए साल के आगमन की खुशियां मनाते नजर आए। किसी ने मोबाइल से तो किसी ने सोशल नेटवर्किंग साइटों के माध्यम से नए साल की बधाई दी।
नए साल की खुशियों को अपनों के बीच बांटने के लिए लोगों ने अपने-अपने तरीके से तैयारियां की थीं। गुरुवार को बाजारों में भी लोगों की खुशियों और उपहारों की डिमांड को लेकर तैयारियां की गईं थीं। कोविड के सख्त नियमों के चलते रेस्टोरेंट और होटलों में नए साल को लेकर कोई विशेष आयोजन नहीं हुए, लेकिन ग्राहकों के लिए सजे जरूर नजर आए।
शहर के बाजारों में बधाई पत्रों की बिक्री खूब हुई। फूलों के गुलदस्ते आदि के आर्डर दिए गए ताकि नए साल पर एक जनवरी को लोगों को शुभकामनाओं के साथ गुलदस्ते भेजे जा सकें। ग्रीटिंग विक्रेता जय ने बताया कि बाजार में बधाई पत्र पांच रुपये से लेकर पांच सौ रुपये तक के हैं। डायरी भी 50 रुपये से लेकर चार सौ रुपये तक की हैं। बुके आदि भी सौ से लेकर पांच सौ तक में बिके। इनकी शुक्रवार के लिए एडवांस बुकिंग भी की गई।
अनुमति लेने से बचते रहे होटल व रेस्टोरेंट
इस बार होटलों और रेस्टोरेंटों में पार्टी या विशेष आयोजन के लिए प्रशासन से अनुमति लेनी जरूरी थी। कोविड नियमों के पालन की थी सख्ती थी। इस कारण किसी भी होटल या रेस्टोरेंट ने कोई विशेष आयोजन नहीं रखा। हालांकि सभी ने अपनी-अपनी तैयारियां अतिथियों के लिए जरूर कर रखी थी। खाने के लिए लोगों ने रेस्टोरेंट में अपनी सीटों को भी रिजर्व कर रखा था।
दुकानों पर उपहारों की लगी झड़ी
इस बार नए साल के अवसर पर तरह-तरह के उपहारों से लेकर मोबाइल फोनों को तोहफों में देने का ट्रेंड खूब चला। गिफ्ट कार्नर के संचालक पीयूष खन्ना का कहना है कि नए साल में अच्छे व्यवसाय की उम्मीद होती है। इसी को ध्यान में रखकर तैयारी भी की थी। इस बार भी तरह-तरह के गिफ्ट बाजार में आए हैं। म्यूजिकल बाक्स आकर्षण के केंद्र रहे। इनकी बिक्री खूब हुई।
हुड़दंग नहीं होगा बर्दाश्त: सिटी मजिस्ट्रेट
सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव का कहना है कि नए साल का जश्न मनाने पर कोई पाबंदी है, लेकिन सड़कों पर हुड़दंग नहीं बर्दाश्त किया जाएगा। कानून व्यवस्था व शांति कायम रखने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हैं। रेस्टोरेंट व लॉन आदि में आयोजन नियमों के अनुसार ही होने दिए जाएंगे।
वर्ष 2021 के राजा हैं मंगल, लाभकारी
वर्ष 2021 के राजा मंगल और मंत्री मंगल नवमेश, दशमेष शनि हैं। यह देश और जिले के लिए लाभकारी होगा। ज्योतिष व शास्त्रों के जानकार शास्त्री उमाकांत अवस्थी ने बताया कि नए साल में विदेशी व्यापार में भारत के साथ भी जिले की स्थिति में सुधार होगा। नए रोजगार और व्यापार की स्थितियां बनेंगी। सीमांत क्षेत्रों की स्थितियां चिंतनीय होगी। संभावना जताई कि फसल और वर्षा इस बार अच्छी होगी।
फोटो-9-महात्मा गांधी मार्ग स्थित दुकान पर गिफ्ट खरीदते लोग। संवाद- फोटो : HARDOI
फोटो-10-बिक्री को रखे केक। संवाद- फोटो : HARDOI