हरदोई। विधानसभावार फोटोयुक्त मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष सघन पुनरीक्षण) अभियान की भारत निर्वाचन आयोग ने समयसीमा चार से 11 दिसंबर तक बढ़ा दी है। समयसीमा बढ़ाए जाने से काम में लगे कार्मिकों और अधिकारियों पर कुछ दबाव कम हुआ है। वैसे रविवार दोपहर तक जिले में करीब 67 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के फार्म भरवाए जा चुके थे। अब 11 दिन में बाकी का 33 प्रतिशत काम करना होगा।
एसआईआर अभियान में आठ विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में शामिल 30,15,415 मतदाताओं के एक-एक कर फार्म भरवाए जाने हैं। जिसके लिए 3,328 मतदेय स्थलों पर बीएलओ के माध्यम से पुनरीक्षण कराया जा रहा है। पुनरीक्षण अभियान में 30,19,415 में से 18,70,723 मतदाताओं के फार्म को डिजिटाइज्ड कराया जा चुका है। साथ ही मृतक और शिफ्टेड श्रेणी में करीब 1,98 लाख मतदाताओं को चिह्नित किया गया है। उन मतदाताओं के फार्म बीएलओ ने हासिल कर लिए हैं। वहीं रविवार को सभी मतदेय स्थलों पर लगाए एसआईआर सुगमता शिविर में भी फार्म भरवाए गए हैं, जिससे डाटा डिजिटाइजेशन में जिले की स्थिति और अच्छी होने की संभावना है।
-
विधानसभावार फार्म डिजिटाइजेशन पर एक नजर
विधानसभा क्षेत्र : कुल मतदाता : डिजिटाइज्ड फार्म (रविवार तक)
- सवाजयपुर : 4,17,380 : 2,61,401
- शाहाबाद : 3,68,245 : 2,41,238
- हरदोई : 4,24,542 : 2,29,592
- गोपामऊ : 3,55,422 : 2,49,867
- सांडी : 3,43,022 : 2,14,277
- बिलग्राम-मल्लावां : 3,98,496 : 2,58,285
- बालामऊ : 3,58,970 : 2,06,784
- संडीला : 3,53,265 : 2,10,587
-
वैसे एसआईआर अभियान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी के नेतृत्व में पूरी टीम संवेदनशीलता से जुटी है। काम में गति भी दिख रही है। हां, भारत निर्वाचन आयोग ने अभियान की समयसीमा चार से बढ़ाकर 11 दिसंबर कर दी है। जिससे काम को अब और भी बेहतर तरीके से कराया जा सकेगा। पूरी टीम से कहा गया है कि समयसीमा बढ़ने से काम की गति को मध्यम न होने दें, बल्कि और गंभीरता से काम करते हुए समयसीमा से पहले ही काम को समाप्त करा लिया जाए।
-प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी