मझिया गांव में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं
ले रहा है। बीती रात गांव के एक घर में घुस कर चोरों ने अलमारी और बक्से
में रखे हजाराें रुपये कीमत के जेवरात और नगदी चोरी कर ली। सुबह बक्सा एक
खेत पड़ा पाया गया। इससे पहले यहां 11 जून को भी एक घर से लाखों रुपये की
चोरी हो चुकी है।
उधर, ताबड़तोड़ चोरियाें से गांव में दहशत का माहौल
है। पुलिस वारदात पर कोई अंकुश लगा पाने में नाकाम है। बीती रात हुई इस
वारदात की रिपोर्ट पुलिस ने दर्ज कर ली है। मझिया गांव निवासी प्रवेंद सिंह
व उनके भाई दुर्वेंद्र सिंह एक ही मकान के अलग-अलग कमरों में रहते हैं।
बीती रात घर के सब लोग छत पर सो रहे थे। सुबह दुर्वेंद्र सिंह की पत्नी जब
कमरे में घुसी तो अंदर सामान अस्त-व्यस्त देख कर होश उड़ गए। चोरों ने बेड
के टूल बाक्स में रखी चाभियों से अलमारी खोल कर सोने की चेन, हार, झाले दो
अंगूठी और चांदी की पायल दो जोड़ी व बिछुआ आदि उड़ा लिया।
इसी के सामने
स्थित दुर्वेंद्र के भाई प्रवेंद्र सिंह के कमरे में रखा जेवरात का बक्सा
सामान सहित गायब था। गांव के लोगों ने बक्सा सुबह भानु प्रताप सिंह के
खेत से बरामद किया। बक्से में कपड़े आदि मौजूद थे, पर मोबाइल, सोने के
कुंडल, चेन, चांदी पायल और 32,000 रुपये की नगदी गायब थी।
प्रवेंद्र के
अनुसार मामले की सूचना पिहानी कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। सूचना पर
पुलिस ने मामले से संबंधित से जानकारी ली और अज्ञात के खिलाफ चोरी की
रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ज्ञात हो कि गांव में यह चोरी की दूसरी बड़ी घटना
है, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।
इससे पहले गत 11 जून 15 को भी चोराें ने
अखिलेश सिंह उर्फ बोदिल के घर में लाखों का माल पार कर दिया था। इसी रात
में जरेली गांव के रामचंद्र के घर पर भी धावा बोलते हुए चोरों ने लाखों के
माल पर हाथ साफ कर दिया।
उधर, पूर्व ब्लाक प्रमुख राजेश सिंह ने गांव
में सिलसिलेवार हो रही इन चोरियाें पर अंकुश लगाने को पुलिस की सक्रियता
बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर
ली गई है। चोरियाें का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।