हरदोई। कासिमपुर थाना क्षेत्र के गोविंदखेड़ा के मजरा पिलखिनी गांव में बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। जीने के रास्ते मकान में घुसे चोर कमरों के ताले तोड़कर नगदी-जेवर चुरा ले गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के मजरा पिलखिनी निवासी छत्रपाल पुत्र पोहकर खेती करता है। उसने बताया कि 14 जनवरी को मल्लावां थाने के लालपुर गांव स्थित ससुराल से खिचड़ी भोज का निमंत्रण आया था। वह मकान में ताला डालकर पत्नी सोमी के साथ ससुराल गया। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाया।
जीने के रास्ते मकान में घुसे चोरों ने कमरों के ताले तोड़कर बक्सों में रखे 10 हजार रुपये, एक मांग बेंदी, बेहसर, एक जोड़ी पायल, कमरपेटी, बिछुआ चुरा ले गए। शनिवार देर शाम दंपति घर आए तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पीड़ित ने डेढ़ लाख की चोरी होने की बात कही है। एसओ बृजेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।