चोरी के बाद खुली पड़ी सेफ दिखाता अतेंद्र। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
सांडी (हरदोई)। सांडी तिराहे के पास किराये पर रह रहे दो शिक्षकों के घर से शनिवार रात चोरों ने नगदी और जेवर चुरा लिए। पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिलने पर औरैया निवासी शिक्षिका घर पहुंची। उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी है।
औरैया के भीखपुर गांव निवासी शिक्षिका सविता पत्नी अतेंद्र सांडी के ग्राम डिघासर में तैनात हैं। सविता सांडी के ग्राम मरेउरा निवासी रामनिवास के सांडी तिराहा स्थित मकान में किराये पर रहती है। मकान में एक अन्य कमरे में लच्छन पुरवा स्कूल में तैनात फतेहपुर निवासी शिक्षक वीरेंद्र किराये पर रहते हैं। दिवाली की छुट्टी पर सविता घर गई थीं, जबकि शनिवार को शिक्षक वीरेंद्र भी कहीं चले गए। देर रात चोर मकान के पिछले हिस्से में बांस लगाकर छत पर पहुंच गए।
जीने का दरवाजा तोड़ नीचे पहुंचे चोरों ने दोनों के कमरों से नगदी, जेवर और अन्य सामान चुरा लिया। रविवार सुबह पड़ोस में रहने वाले फौजी रामपाल ने सविता को घटना की जानकारी दी। सविता ने बताया कि चोर घर में रखे 25 हजार रुपये, मंगल सूत्र, मटर माला, तीन जोड़ी पायल व सोने की तीन अंगूठी, कीमती कपड़े चुरा ले गए। घटना की जानकारी वीरेंद्र को दे दी गई है। एसओ रामलखन ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
देर शाम दिखे थे कार सवार चार संदिग्ध
सांडी। सांडी तिराहे पर स्थित जिस मकान को चोरों ने निशाना बनाया उसके पास ही रहने वाले फौजी राजपाल यादव ने बताया कि शनिवार शाम कार से आए चार लोग मकान के पास खड़े थे। संदेह होने पर उसने पूछताछ भी की थी। राजपाल ने बताया कि शक होने पर उन्होंने अन्य पड़ोसियों से भी इसका जिक्र किया था।