बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र में सदर बाजार में गुलाब बाड़ी चुंगी के पास चोरों ने गुरुवार रात इलेक्ट्रानिक्स और पशु आहार की दुकानों से नगदी और सामान चुरा लिया। पुलिस ने रिपोट दर्ज की है।
बिलग्राम नगर के मोहल्ला रफैयत गंज निवासी विशाल गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गुलाब बाड़ी चुंगी पर उसकी इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है। दुकान में लकड़ी का दरवाजा लगा है। गुरुवार रात चोरों ने दुकान का दरवाजा तोड़ दिया और करीब 40 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। शुक्रवार सुबह वह दुकान पहुंचे तो उसे घटना की जानकारी हुई।
पास में ही स्थित पशु आहार की दुकान चलाने वाले मोहल्ला रफैयतगंज निवासी मनीष ने बताया कि चोरों ने दुकान में लगा दरवाजा तोड़ दिया। वहां से 40 हजार रुपये व लगभग 10 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। बताया कि घटना की जानकारी उसे शुक्रवार सुबह हुई। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दोनों घटनाएं संज्ञान में है। जांच की जा रही है।