फोटो 07: अतरौली स्थित आईटीआई। संवाद
हरदोई। अतरौली क्षेत्र के युवाओं को कौशल विकास और निखारने के लिए जल्द ही आधुनिक वर्कशॉप और प्रशिक्षण कक्ष मिल जाएंगे।
राजकीय आईटीआई अतरौली में टाटा टेक्नाेलॉजी लि. की ओर से 3.55 करोड़ रुपये से काम कराए जाने की स्वीकृति दी गई है। टाटा टेक्नोलॉजी लि. ने काम कराने के लिए रुपये भी दे दिए हैं। शासन ने काम कराने की जिम्मेदारी यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लि. को सौंपी। प्रशिक्षार्थियों को अक्तूबर-2026 तक आधुनिक वर्कशॉप मिलने की उम्मीद है।
युवाओं के कौशल को निखारने और विकास के लिए संचालित राजकीय आईटीआई को टाटा टेक्नाेलॉजी लि. ने आधुनिक बनाने के लिए सरकार के साथ मिलकर काम शुरू किया है। प्रथम चरण का काम पूरा हो गया है। अब टाटा टेक्नाेलॉजी लि. ने दूसरे चरण में भी जिले की अतरौली स्थित राजकीय आईटीआई को आधुनिक बनाने पर सहमति और स्वीकृति दी है। आईटीआई में युवाओं के लिए आधुनिक वर्कशॉप और प्रशिक्षण कक्ष बनवाए जाएंगे। इसके लिए टाटा टेक्नाेलॉजी ने 3.55 करोड़ रुपये के वित्तीय और प्रशासनिक खर्च पर सहमति दी है। शासन की ओर से नामित कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लि. को काम कराने के लिए पूरे रुपये भी दे दिए गए हैं।
बताया कि अतरौली आईटीआई में आधुनिक वर्कशॉप और प्रशिक्षण कक्ष बन जाने से वहां पर विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे उनका कौशल निखरेगा और विकास होगा जिससे प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा रोजगार भी हासिल कर सकेंगे।
-
शासन की प्राथमिकता में युवाओं का कौशल विकास शामिल है। युवाओं को आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिलाकर दक्ष बनाया जा रहा है। अतरौली आईटीआई में आधुनिक वर्कशॉप और प्रशिक्षण कक्ष बन जाने से युवाओं को बेहतर और आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त हो सकेगा। शासन ने टाटा टेक्नाेलॉजी लि. के सहयोग से काम कराने की स्वीकृति दी है। कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक से कहा गया कि गुणवत्तापरक काम समय से शुरू और पूरा करा लिया जाए। -सान्या छाबड़ा, सीडीओ