हरियावां। थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव के बाहर शनिवार सुबह युवक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची। मृतक टड़ियावां थाना क्षेत्र के गुरुदयालपुरवा का निवासी था। वह शुक्रवार शाम बाजार जाने के लिए निकला था। परिजनों ने किसी आरोप से इनकार किया है। परिजनों ने ठंड से मौत की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के जपरा गांव के मजरा गुरुदयालपुरवा निवासी हीरा का बेटा राम सिंह (40) शुक्रवार शाम करीब 3 चार बजे साइकिल से बाजार के लिए निकाला था। हीरा ने बताया कि देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंचा, जो उसकी खोजबीन की गई लेकिन उसका सुराग नहीं लगा। इस पर परिजनों ने युवक की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दी थी।
शनिवार को उसका शव हरियावां थाना क्षेत्र के अलावलपुर गांव निवासी रामनरेश कुशवाहा के गेहूं के खेत में मिला। उसके पास में ही साइकिल पड़ी थी। सुबह शौच के लिए खेतों की तरफ पहुंचे ग्रामीणों ने लाश पड़ी देखी। जिसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने तलाशी मिली डायरी में लिखे नंबरों से परिजनों को जानकारी थी।
सूचना पर मृतक के पिता हीरा व गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी आरोप से इनकार किया है। हीरा ने ठंड से मौत की आशंका जताई है। युवक के दो पुत्र और दो पुत्री हैं। थाना प्रभारी डीएन मिश्र ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्हें परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे।