सांडी। कस्बे के नवाबगंज मोहल्ले में शनिवार देर शाम एक युवक ने घर के बरामदे में छज्जे से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने जाकर देखा तो उमेश का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया।
थाना क्षेत्र के सांडी कस्बा निवासी उमेश (35) टिक्की और गोलगप्पे बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में उनकी दो बहनों की शादी हो चुकी है। पिता की मौत के बाद उनके दो भाइयों की भी असमय मृत्यु हो गई थी। भाई भोला की बीमारी से, जबकि अनिल की काफी समय पहले छत से गिरकर मौत हो गई थी। परिवार के तीन सदस्यों को खोने के बाद से उमेश मानसिक तनाव में रहता था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की बहनों को भी सूचना दे दी गई है। प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।