टड़ियावां। थाना क्षेत्र के मझारी कंचनपुरवा में शनिवार सुबह लगभग नौ बजे सांप के डसने से एक सपेरे की मौत हो गई। परिजन करीब पांच घंटे तक इलाज के बजाय झाड़फूंक कराते रहे। हालत बिगड़ने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के मृत घोषित करने के बावजूद परिजन स्ट्रेचर पर ही उसे होश में लाने के लिए झाड़फूंक करते रहे।
मूल रूप से लोनार कोतवाली क्षेत्र के रामपुर नकटौरा निवासी रामबरन (35) पिछले छह माह से अपनी बहन रामकली के घर मझारी कंचनपुरवा में परिवार समेत रह रहा था। वह सपेरा था और बागवानी का काम भी करता था। शनिवार सुबह करीब नौ बजे थैली में सांप लिए वह कुछ लोगों के कहने पर सांप दिखाने लगा। इसी दौरान सांप ने उसके बाएं हाथ में डस लिया। रामबरन ने पहले खुद झाड़फूंक की और हालत में सुधार न होने पर दो घंटे बाद परिचित सपेरों ने भी झाड़फूंक शुरू कर दी। दोपहर करीब दो बजे उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। परिजन एंबुलेंस से उसे टड़ियावां सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार में दो बच्चे हैं पत्नी छह साल पहले चली गई थी। कोतवाल अरविंद सिंह ने बताया कि सर्पदंश से मौत हुई है और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।