हरदोई। पारदर्शी व्यवस्था में जिम्मेदार मनमानी और सरकारी व्यवस्था में सेंध लगाने से चूक नहीं रहे हैं। श्रमिकों के पास न फावड़ा, न डलिया और न ही अन्य उपकरण होने पर भी जिम्मेदारों ने नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (एनएमएमएस) पर काम करते दर्शा दिया।
बिलग्राम की ग्राम पंचायत कटरी परसोला में मनरेगा के तीन कार्यों पर 16 ई-मस्टर रोल पर 132 श्रमिकों के नाम एनएमएमएस पर फीड किए गए, जबकि 102 श्रमिकों को काम करते दर्शाया गया। मनरेगा के वेब पोर्टल और मॉनिटरिंग सिस्टम पर प्रथम पाली में जो श्रमिक काम करते दर्शाए गए उनके पास न तो डलिया और न ही फावड़ा था। बिना उपकरण और संसाधन के ही पहली पाली में कार्यस्थल पर श्रमिकों की काम करते हुए फोटो अपलोड की गई, द्वितीय पाली में फोटो ही अपलोड नहीं किए। अपलोड की गईं फोटो प्रारंभिक जांच में फोटो से फोटो खींचकर अपलोड किए जाने की पुष्टि हुई।
श्रमिकों को काम दिए जाने और एनएमएमएस पर मनमानी फोटो और श्रमिकों की संख्या अपलोड किए जाने के मामले का ग्राम्य विकास आयुक्त ने संज्ञान लिया है। आयुक्त ने इसके लिए बिलग्राम के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सौरभ कुमार पांडेय को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। आयुक्त की ओर से दी गई प्रतिकूल प्रविष्टि से जुड़ा पत्र संयुक्त विकास आयुक्त एनएल व्यास ने जारी किया है। जिले के अधिकारियों को मिल गया है। -सौम्या गुरूरानी, सीडीओ