नियमों को ताक पर रख टोडरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कपूरपुरबहोरन में तोरणद्वार बनाने का मामला तूल पकड़ने पर कार्य रोक दिया गया है। इस पर खर्च किए गए 31 हजार रुपये वापस ग्राम पंचायत के खाते में जमा करा दिए गए हैं।
गत दो दिसंबर को डीपीआरओ गिरीश चंद्र ने टोडरपुर की ग्राम पंचायत कपूरपुर बहोरन का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान डीपीआरओ को तोरणद्वार निर्माणाधीन मिला था। अभिलेख देखने पर पता चला था कि 80 हजार रुपये से तोरणद्वार का निर्माण हो रहा है और इस पर 31 हजार रुपये खर्च भी किए जा चुके हैं।
डीपीआरओ ने ग्राम पंचायतों को तोरणद्वार का निर्माण कराने का अधिकार न होने का हवाला देकर सख्त रुख दिखाया था। साथ ही ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए थे।
पूरे प्रकरण में कार्रवाई से बचने को ग्राम सचिव और प्रधान ने तोरणद्वार के नाम पर किए गए 31 हजार रुपये के भुगतान को वापस ग्राम पंचायत के खाते में जमा करा दिया है।
डीपीआरओ गिरीशचंद्र ने बताया कि भुगतान वापस जमा करा दिया गया है। इससे स्पष्ट है कि गलत भुगतान किया गया था। विभागीय कार्रवाई चल रही है।