फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hardoi News: पानी उतरने पर बर्बादी देख कांप जाते पीड़ित

विज्ञापन
फोटो 30 कटियारी क्षेत्र के सतौथा गांव में बाढ़ से हुई बर्बादी को देखते ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
हरदोई/बिलग्राम। नदियों में जलस्तर कम होने से क्षेत्रों से पानी उतरने लगा है। पानी उतरने से अब खेतों और गांवों में बर्बादी दिखने लगी है। बाढ़ के पानी के साथ आईं जलकुंभी ने खेतों और फसलों को खराब किया है। पानी उतरने के बाद बर्बादी देखकर प्रभावित किसान कांप जाते हैं। वहीं बैराजों से पानी छोड़े जाने का क्रम जारी है।
विज्ञापन

गंगा नदी में बृहस्पतिवार को 31,900 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। जलस्तर कम होकर राजघाट पर 125.00 मीटर गेज पर आ गया है। रामगंगा नदी का पानी शाहजहांपुर के हुल्लापुर घाट पर 136.30 मीटर गेज पर आ गया है जबकि गर्रा का पानी शाहजहांपुर के मुमोक्ष आश्रम घाट पर 143.40 मीटर गेज और सांडी की केंद्रीय जल आयोग की साइट पर 129.30 मीटर गेज पर आ गया है। नदियों का पानी धीरे-धीरे कम होकर किनारों की तरफ खिसकने लगा है जबकि जलभराव और बाढ़ के पानी के साथ आई जलकुंभी गांवों के आसपास ही नहीं, खेतों में भी जमा हो गई है। इससे फसलें तो खराब हुई हैं वहीं खेत भी खराब होने लगे हैं। कटियारी क्षेत्र के ज्यूरी चंद्रमपुर, बरसाना, सतौथा, करकछमऊ, कुंडिया, बंहरौली, नेवादा, रंटपुरा, गौरिया, बरहौली और सिंधवल आदि गांवों में अभी भी आसपास और खेतों में पानी भरा है।
बिलग्राम क्षेत्र में आई बाढ़ का पानी काफी हद तक घट गया है। कटरी क्षेत्र के गांव-गलियारे भी पानी से भरे हैं। खेतों में पानी भरा हुआ होने के कारण फसलों में कुछ बचा नहीं इससे ग्रामीण क्षेत्र में काफी निराशा है। एसडीएम एन राम ने बताया कि फसलों के नुकसान का आकलन लगातार कराया जा रहा है।
विज्ञापन


प्रभावितों को विधायक ने दी दैवी आपदा मदद की प्रतीकात्मक चेक
बिलग्राम तहसील में विधायक आशीष सिंह आशू ने दैवी आपदा मद से बाढ़ प्रभावितों को प्रतीकात्मक चेक वितरित कीं। जनहानि से प्रभावित आश्रित तीन परिवारों को 4-4 लाख रुपये, मकान क्षतिग्रस्त होने वाले 17 परिवारों को 8-8 हजार रुपये और फसल क्षति से प्रभावित 20 किसानों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। विधायक ने कहा कि दैवी आपदा में किसी व्यक्ति की जान जाने, मकान क्षतिग्रस्त और फसल बर्बाद होने पर पूरी क्षति की भरपाई संभव नहीं है लेकिन सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दी जा रही है। एसडीएम एन राम, तहसीलदार दीपक गौतम, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)
-
रानी रीता सिंह ने दो हजार लोगों को बांटी राशन किट, कांग्रेस ने सुनीं समस्याएं
भरावन क्षेत्र में पूर्व विधायक कुंवर महावीर सिंह की पत्नी सपा नेता रानी रीता सिंह पुत्र आनंद सिंह अन्नू ने दो हजार लोगों को राशन किट वितरित की। उन्होंने कूड़ा, रसुलवा, भभुआ, कटकी, छोटा कटका, तुलसीपुर, धनाखेड़ा, देवरी, रंपुरवा और लक्ष्मणपुरवा गांवों में लोगों को दाल-चावल, आटा, तेल और नमक आदि जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने तुलसीपुर और कटका गांवों का भ्रमण कर बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोग परेशान हैं और विधायक को खोज रहे हैं। भाकियू के लखनऊ मंडल अध्यक्ष वसीम अंसारी, भाकियू लोकतांत्रिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश सिंह चौहान, वीरप्रकाश सिंह वीरू और ब्लॉक प्रमुख विनोद सिंह तोमर ने तुलसीपुर गांव में बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें