लखनऊ में ग्राम प्रधान कुलदीप त्रिपाठी को सम्मानित करते राज्य निर्वाचन आयुक्त
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। सूबे के 53 ग्राम पंचायतों के प्रधानों को राज्य निर्वाचन आयोग ने व्यावसायिक शैक्षिक योग्यता के आधार पर रविवार को लखनऊ में सम्मानित किया। इनमें दो ग्र्राम प्रधान जिले के शामिल हैं। आयोग से मिले सम्मान से गदगद प्रधानों ने कहा कि वे अपनी ग्राम पंचायतों को आदर्श बनाने का प्रयास करेंगे।
भरखनी ब्लाक की ग्राम सभा सेमरिया निवासी महेश चंद्र के पुत्र कुलदीप त्रिपाठी ने वर्ष 2012 में बीटेक (इनफारमेशन टेक्नॉलाजी) करने के बाद इंजीनियरिंग कालेज में एक साल तक टीचिंग की। इसके बाद भी उनका गांव से लगाव कम न हुआ। गांव के लोगों को आगे बढ़ाने के लक्ष्य को लेकर वर्ष 2015 में ग्राम पंचायत चुनाव में भाग लिया और पहली बार प्रधान पद पर जीत हासिल कर गांव के विकास का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता नौनिहालों को बेसिक शिक्षा बेहतर दिलाना और गांव के विकास को आगे बढ़ाना है। उधर, सांडी ब्लाक के ग्राम अंटवा निवासी प्रहलाद सिंह कुशवाहा के पुत्र छविराम कुशवाहा एलएलबी करने के बाद वर्ष 2012 से हरदोई में वकालत कर रहे हैं। वकालत के बाद भी वे लगातार गांव घर से जुड़े रहे और 2010 में प्रधान का चुनाव लड़े मगर हार गए।
बाद में 2015 के चुनाव में उन्होंने प्रधान पद पर सफलता हासिल कर प्रधान के रूप में गांव का सर्वांगीण विकास का संकल्प लिया। दोनाें ग्राम प्रधान व्यावसायिक शिक्षा योग्यता के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग से सम्मानित होकर खुद का गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।