शाहाबाद। हूंसेपुर निवासी बुजुर्ग चौकीदार की हत्या में फरार चल रहा तीसरे आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से रिंच, आरी और साइकिल बरामद हुई है।
कोतवाली क्षेत्र के हूंसेपुर गांव के पास सीमेंट की ईंट बनाने वाले प्लांट पर तीन चोर अल्टीनेटर खोलकर उसमें से तांबे का तार निकाल रहे थे। तभी चोरों की आहट से झोपड़ी में सो रहे चौकीदार तेजा की आंख खुल गई थी। विरोध करने पर चोरों ने डंडों से पीटकर हत्या कर दी थी।
रविवार को शाहजहांपुर रोड से पुलिस ने कोतवाली देहात क्षेत्र के पंडित पुरवा निवासी तीसरा आरोपी राजीव गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पहले पुलिस हत्या आरोपी पंडित पुरवा निवासी अंकित व ग्राम मढ़िया निवासी रामसेवर को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
चोरों से चोरी का तांबे का तार खरीदने वाले शहर कोतवाली शहर के आवास विकास निवासी कबाड़ी बृजेश गुप्ता की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। कोतवाल उमेश त्रिपाठी ने बताया कि तीसरा हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।