हरियावां। मुरवा गांव में रविवार की रात चोरों ने तीन मकानों में सेंध लगाई। इसमें से दो मकानों में चोर नकदी समेत सामान चोरी कर ले गए। एक मकान में चोरों की आहट से परिजन जाग गए।
थाना क्षेत्र के मुरवा निवासी सर्वेश खेती बाड़ी करते हैं। रविवार की रात वह परिजनों के साथ बरामदे में सो रहे थे। उनके यहां चोरों ने पीछे की दीवार में सेंध लगा दी। चोर बक्से में रखे एक बोरी बर्तन, एक जोड़ी कुंडल, दो जोड़ी पायल, कपड़े, 1,200 रुपए समेत अन्य समान चोरी कर ले गए। गांव में आजाद के मकान में चोरों ने पीछे की दीवार से सेंध लगाई। यहां से चोर एक जोड़ी पायल, कान के कुंडल, तीन हजार नकदी ले गए।
फिर चोरों ने गांव के बाहर सोबरन के मकान में सेंध लगा दी लेकिन यहां बरामदे में लोहे के सामान के ऊपर चोरों का पैर पड़ गया। जिसकी आवाज से परिवार के सदस्य उठ गए। यहां से चोर मौका पाकर भाग गए। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने मौके से नमूने लिए। सीओ अजीत चौहान ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष वीर बहादुर ने बताया कि चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द चोरियों का खुलासा किया जाएगा।