हरदोई। शहर के सांडी रोड उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति मंगलवार देर रात को एक घंटे तक गायब रही। देर रात तक लोग गर्मी में परेशान रहे। वहीं बिजली आने के बाद भी ट्रिपिंग जारी रही। देर रात तक क्षेत्र की 20 हजार से अधिक आबादी सो नहीं पाई। वहीं, बुधवार को भी शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली कटौती होने से उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सांडी रोड उपकेंद्र को अभी भी गुरगुज्जा उपकेंद्र से बिजली की आपूर्ति की जा रही है। गुरगुज्जा उपकेंद्र से सांडी रोड उपकेंद्र तक निकली 33 केवी लाइन में मंगलवार रात करीब पौने 10 बजे फॉल्ट आ गया और बिजली चली गई। उपकेंद्र की विद्युत विभाग की टीम को पेट्रोलिंग करने के बाद फॉल्ट मिला। करीब पौने 11 बजे बिजली आपूर्ति सुचारू तो हो गई लेकिन ट्रिपिंग रात के डेढ़ बजे तक जारी रही। ट्रिपिंग के चलते हर आधे घंटे पर 15 से 20 मिनट के लिए बिजली आती जाती रही। इससे देर रात तक लोग सही ढंग से सो भी नहीं पाए।
वहीं, चार नंबर फीडर से जुड़े एमपी लॉन के पास ट्रांसफार्मर की लीड जलने से पूरी रात बिजली नहीं आई। इसके अलावा दिनों सांडी चुंगी, वाजपेयी चौराहे पर ट्रांसफार्मर में फॉल्ट के कारण शाम तक बिजली आती-जाती रही। उधर, मन्नापुरवा उपकेंद्र से जुड़े फीडर पर भी दिन भर बिजली की आवाजाही लगी रही। इससे उपभोक्ता परेशान रहे। अवर अभियंता विजय कुमार ने बताया कि फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बंद रही थी।