कोहरे की चादर में लिपटी शनिवार की सुबह दिन भर धुंध
में समाई रही। अचानक मौसम ज्यादा खराब होने से असर ट्रेनों के संचालन पर
पड़ गया। ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई ट्रेनें घंटों लेट रहीं।
जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कोहरे और धुंध ने
शनिवार की सुबह को ढके रखा, वहीं दोपहर बाद तक भी आसमान साफ नहीं हुआ। ऐसे
में हरदोई से गुजरने वाली अप और डाउन रूट की कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित
हो गया। संचालन प्रभावित होने से दैनिक यात्री परेशान हो गए।
कोहरे से
प्रभावित हुई ट्रेनों में डाउन रूट की चंडीगढ़ एक्सप्रेस 11 घंटे लेट हुई,
पंजाब मेल 10 घंटे, डुप्लीकेट एक्सप्रेस चार घंटे, लखनऊ मेल साढ़े तीन
घंटे, राजरानी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे तथा गुवाहाटी एक्सप्रेस चार घंटे की
देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहुंची। वहीं अप रूट पर बनारस बरेली
एक्सप्रेस तीन घंटे, गुवाहाटी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, पंजाब मेल सवा तीन
घंटे और दून एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहुंची।