हरदोई। रेलवे ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव कार्य के चलते कौढ़ा रेलवे स्टेशन के नजदीक सेवा फाटक चार दिन के लिए बंद रहेगा। इस बीच कौढ़ा से बेहटा गोकुल स्टेशन के बीच रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को कौढ़ा स्टेशन के पास ही बलोखर फाटक से गुजरना पड़ेगा।
हरदोई से शाहजहांपुर सड़क पर कौढ़ा से बेहटा गोकुल स्टेशन के पास बना रेल समपार 284-सी सेवा रेल फाटक पर पटरियों की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। सीनियर सेक्शन इंजीनियर पवन शर्मा ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते रेल फाटक बुधवार के सुबह सात बजे से शनिवार की शाम को छह बजे तक बंद रहेगा। रेल फाटक बंद होने से सड़क मार्ग से वाहनों का यातायात ठप रहेगा। ऐसे में फाटक पार कर जाने वाले राहगीरों और वाहनों को कौढ़ा रेलवे स्टेशन के पूर्व दिशा में समपार संख्या 283-सी बलोखर फाटक और पश्चिम दिशा में समपार संख्या 285-सी लालापुरवा फाटक से गुजारी जाएंगी। बताया कि यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों को सड़क यातायात के लिए चालू रखा गया है। ताकि लोग आवागमन कर सकें।