हरदोई। शहर में सिनेमा चौराहा के पास शुक्रवार को पुलिस बूथ से चंद कदम दूरी पर लुटेरे ने महिला की नकदी से भरा पर्स लूट लिया। महिला के शोर मचाने पर लुटेरा भाग गया। सूचना के काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने महिला को टरका कर घर भेज दिया।
शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली पुनीता त्रिपाठी बेटी के साथ शाम करीब सात बजे बाजार से खरीदारी करने आई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुनीता सिनेमा चौराहा के पास स्थित एक मेडिकल स्टोर के सामने से पैदल जा रही थी।
इसी दौरान पीछे से एक लुटेरा पैदल आया और पर्स छीनकर जेठानी वाली गली से होकर भाग निकला। पुलिस बूथ से कुछ दूरी पर हुई वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना के काफी देर बाद मौके पर पहुंचे सदर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने पुनीता को समझाकर टरका दिया। कोतवाली प्रभारी दीपक शुक्ला ने बताया कि घटना संज्ञान में है। आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर आरोपी की पहचान कराई जाएगी।