फोटो 25 : बारिश के पानी से कटे जरौली नेवादा से कोलो संपर्क मार्ग की मरम्मत करते श्रमिक। स्रोत : ग्रामीण
- प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में बनी है सड़क, विभाग ने मरम्मत शुरू कराई
संवाद न्यूज एजेंसी
सांडी। मूसलाधार बारिश के पानी से जरौली नेवादा से कोलो संपर्क मार्ग कट गया। पानी के तेज बहाव में सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने से आवागमन ठप हो गया। रविवार शाम को हुई बारिश से मार्ग का कटान हो गया। सोमवार से ही लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत शुरू करा दी है।
जरौली नेवादा मार्ग से कोलो संपर्क मार्ग प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में साल 2021 में कराया गया है। रविवार को हुई तेज बरसात में मार्ग कट गया। जिससे गांव आने-जाने का संपर्क टूट गया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले साल भी कोलो मार्ग पानी के बहाव में कट गया था। भट्योली के मजरा कोला जाने के लिए यही डामर रोड है। सड़क किनारे मिट्टी खोदान से वहां पर पानी भरता है। ग्रामीण पंकज, जितेंद्र, रविंद्र, लल्ला, खुशीराम और तोताराम ने बताया कि बरसात के पानी मार्ग के कट जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।