हरदोई। बिलग्राम कोतवाली के खडे़ला पुरवा निवासी शिवराम की मौत जहरीली कच्ची शराब से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर में जहरीला पदार्थ पाया गया है। परिजनों ने शुक्रवार को कच्ची शराब पीने से मौत होने की बात कही थी। पुलिस ने विसरा सुरक्षित कर लिया है।
बिलग्राम कोतवाली के खड़ेला पुरवा निवासी शिवराम (45) पुत्र सोहब शुक्रवार को टड़ियावां थाना क्षेत्र घमोइया गांव अपनी ससुराल आया था। यहां पर उसने गांव निवासी नीरू के साथ पहले घमोइया में और उसके बाद पड़ोस के गांव बरिया ताली में कच्ची शराब पी थी। शराब पीने के बाद अधिक नशे में होने के कारण वह बरियाताली में एक निजी स्कूल के सामने बेहोशी की हालत में मिला था। उसका साला रामनिवास उसकी खोजबीन करते हुए बरिया ताली पहुंचा था। जहां से ठेले पर लादकर घर लौटते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई थी।
घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। साले राम निवास ने पुलिस को तहरीर देकर पोस्टमार्टम कराने मांग की थी। पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवराम की जहरीले पदार्थ के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है, विसरा सुरक्षित किया गया है। पुलिस ने टड़ियावां थाना क्षेत्र के घमोइया गांव निवासी नीरू को हिरासत में लिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी हेमंतराय ने बताया कि पूछताछ के लिए युवक को हिरासत में लिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था।