हरदोई। आप और हम चेतना मंच, संयुक्त ब्राहम्ण महासभा एवं अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार को भगवान परशुराम एवं राष्ट्रनायक महाराणा प्रताप की जयंती मनाई गई। इस दौरान शहर में शोभा यात्रा भी निकाली गई।
चेतना मंच अध्यक्ष पूर्व प्रमुख ठा. सर्वाधार सिंह के साथ संयुक्त ब्राहम्ण महासभा के अध्यक्ष पूर्व विधायक लालन शर्मा ने झांकी में शामिल भगवान परशुराम एवं महाराणा प्रताप के स्वरूपों का अर्चन वंदन और माल्यार्पण किया। पूर्व प्रमुख ने कहा कि राष्ट्र व समाज निर्माण में परस्पर मेल मिलाप जरूरी है। दोनों महाविभूतियों की झांकी के पीछे साधु संतों के स्वरूपों से सजा धर्म रथ वेद मंत्रों के प्रचार के साथ चला।
शोभा यात्रा देव मंदिर से बिलग्राम चुंगी, लखनऊ चुंगी, सरकुलर रोड से रेलवेगंज, रेलवे स्टेशन हनुमान मंदिर से पुलिस चौकी, जिंदपीर चौराहा होते हुए सिनेमा चौराहा होता हुआ गांधी मैदान पहुंचा। गांधी भवन में आयोजित समापन समारोह में डा. वीएस पांडे, गोविंद सिंह, अनिल सिंह वीरू, सुख सागर मिश्र, पारुल दीक्षित, प्रताप सिंह, विमलेश दीक्षित, राकेश सिंह, बीडी शुक्ला, बलराम सिंह, अवनिकांत वाजपेयी, अरुणेश वाजपेयी, राजेश सिंह, एनसी शुक्ला, अभिषेक प्रताप सिंह, सर्वेश पांडे, गिरीश चंद्र वाजपेयी, श्यामाकांत दीक्षित आदि मौजूद रहे।