हरदोई। बीते 15 दिनों के अंतराल में एक बार फिर मेडिकल कॉलेज की ओपीडी समेत जांच कक्षों में घंटाें तक अंधेरा पसरा रहा। बिजली जाने पर ओपीडी भवन में अंधेरा छा गया। एक्सरे और सीटी स्कैन मशीनें भी बंद रहीं। घंटों तक बिजली जाने के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा रही है। इससे मरीजों काे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में बिजली की दिक्कत चिकित्सक से लेकर मरीज व तीमारदारों को परेशान किए हुए है। आए दिन बिजली चले जाने से ओपीडी और एक्सरे व सीटी स्कैन मशीनें बंद रहती हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे। बुधवार को बारिश के चलते दोपहर को 12 बजे बिजली बंद कर दी गई। बिजली जाते ही ओपीडी भवन में अंधेरा छा गया। ओपीडी के पर्चे तो मैनुअल बना दिए गए, लेकिन चिकित्सकों ने मरीजों को अंधेरे में ही परामर्श दिया। दवा काउंटर पर भी अंधेरा होने से मरीज व तीमारदारों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। लिफ्ट भी बंद हो गई, ऐसे में मरीज व ऊपरी मंजिल तक आने-जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। पौने तीन बजे आपूर्ति सुचारू हुई तब तक ओपीडी बंद हो चुकी थी।
एक्सरे व सीटी स्कैन मशीन भी बंद
हरदोई। बिजली जाने पर एक्सरे और सीटी स्कैन मशीन भी बंद रही। इस कारण से मरीजों को परेशान होना पड़ा। कई मरीज बिना एक्सरे कराए लौट गए तो कई लोग अपनी बारी के इंतजार में पौने तीन घंटे तक इंतजार करत रहे। एक्सरे कराने के लिए करीब 54 मरीज और सीटी स्कैन के लिए 15 मरीजों को अपनी जांच कराने के लिए तीन बजे तक का समय देना पड़ा। कुछ लोग निजी सेंटरों पर जांच कराने चले गए।
नहीं की जा रही वैकल्पिक व्यवस्था
हरदोई। ओपीडी भवन की बिजली आए दिन घंटों तक गुल रहती है, इसके बाद भी कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जा रही है। भवन में कहीं न तो इन्वर्टर लगे हैं और न ही जनरेटर की लाइन दी गई है। ऐसे में बिजली जाते ही अंधेरे में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। मरीजों को भी दिक्कतें हो रही हैं।
मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे आपूर्ति के लिए बिजली विभाग से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उपकेंद्र बनना प्रस्तावित है, लेकिन तब तक अंडरग्राउंड केबल डाल आपूर्ति दिए जाने की योजना बन रही है। जल्द ही कोई प्रयास किया जाएगा। -डॉ. जेविन बिष्णु गोगोई, प्रधानाचार्य, मेडिकल कॉलेज