हरदोई। शहर के व्यापारी का अपहरण कर लूट में शामिल चार बदमाशों को पुलिस ने एक घंटे के अंदर ही दबोच लिया था। चारों को सांडी थाने से शहर कोतवाली भी लाया गया लेकिन एएसपी आफिस में हुई प्रेसवार्ता में तीन ही बदमाश गिरफ्तार बताए गए। पीड़ित तड़के तक वह कोतवाली परिसर में पड़ा था, तब तक चारों बदमाश लाकअप में थे। कोतवाली से एएसपी आफिस ले जाने के दौरान एक बदमाश लापता हो गया। पीड़ित का आरोप है कि एक बदमाश को पुलिस ने भगा दिया और उसके माल की पूरी बरामदगी भी नहीं दिखाई गई। उसका कहना है कि इस मामले में उच्चाधिकारियों से शिकायत करेगा।
लोनार थाना क्षेत्र नागामऊ निवासी व्यापारी रामजी शहर से सामान खरीदकर लौट रहा था। 16 मई को रात करीब 10 बजे बावन चुंगी पुलिया के पास से लोडर सवार बदमाशों ने उठा लिया था। लूटपाट के बाद बदमाश उसे समुदा भिठारी के पास फेेंक गए थे। समुदा भिठारी गांव जाकर रामजी ने करीब आधे घंटे बाद ही दोस्त के फोन से पुलिस को सूचना दी थी। वायरलेस होने पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी कर ली। करीब एक घंटे में ही सांडी पुलिस ने बदमाशों को दबोच लिया था। करीब 11 बजे बदमाशों की शिनाख्त के लिए पीड़ित को सांडी थाने बुलाया गया। पीड़ित के अनुसार थाने के लाकअप में चार बदमाश बंद थे। उन्हीं चारों बदमाशों ने उसके साथ लूट की थी।
पीड़ित व्यापारी का कहना है कि चारों बदमाशों को सांडी पुलिस हरदोई कोतवाली लाई। यहां बदमाशों को लॉकअप में बंद कर दिया और पीड़ित बाहर पड़ा रहा। सुबह एएसपी पूर्वी के कार्यालय मेें पत्रकार वार्ता में तीन ही बदमाशों की गिरफ्तारी का दावा पुलिस ने किया। पीड़ित का आरोप है कि जो झोला पुलिस ने बरामद किया उसमें पांच नए मोबाइल और 17 पुराने रिपेयरिंग के लिए आए मोबाइल थे। एक फोटो बनाने की मशीन भी उसी झोले में थी। पुलिस ने कुछ पुराने मोबाइल की बरामदगी दिखाई लेकिन नए मोबाइल, महंगे पुराने मोबाइल, मशीन और साढ़े सात हजार नगदी नहीं मिली। जबकि ये सामान भी उसी झोले में थे। पीड़ित व्यापारी का आरोप है कि शहर कोतवाली पुलिस ने दबोचने के बाद एक बदमाश को भगा दिया। उसका कहना है कि लूट में चालक सहित पांच बदमाश शामिल थे।