हरदोई। माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं की शिक्षण कार्य व स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए शक्तिमंच का गठन किया जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में मंच में बालिकाओं के साथ शिक्षिकाएं भी सदस्य होंगी जो उनको विद्यालय में प्रवेश दिलाने के साथ-साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के निदान में सहयोग करेंगी।
माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी शैक्षिक पंचांग में इस बार बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत विद्यालयों में बालिकाओं के सहयोग से शक्ति मंच का गठन किया जाएगा जिसका कार्य विद्यालय की छात्राओं का सहयोग करना होगा। मंच की टीम आसपास की उन बालिकाओं की सूची तैयारी करेंगी जो विद्यालय नहीं जा रही हैं।
इसके अलावा वह बालिकाएं जिन्होंने किसी कारणवश स्कूल छोड़ दिया है, उनके विद्यालय न आने में आ रही बाधाओं की जानकारी की जाएगी, इसके उपरांत उसका निदान किया जाएगा। बालिकाओं को शिक्षा के महत्व को बताया जाएगा। मंच के माध्यम से बालिकाओं को किशोरावस्था संबंधी शंकाओं, जिज्ञासाओं का समाधान कराया जाएगा। उनको यौन संचारित रोगों, मादक पदार्थों से होने वाले नुकसान, मनोभाव के नियंत्रण, व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी नैपकिन के प्रयोग और उसके लाभ के विषय में जागरूक किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद ने बताया कि सभी प्रधानाचार्यों को शक्ति मंच स्थापित कर उसको क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए हैं।