प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट डिजिटल
इंडिया को लेकर देश भर में मनाए जा रहे डिजिटल इंडिया वीक 1 से 7 जुलाई को
लेकर यहां भी हलचल शुरू हो गई है। डाकघरों के बाद अब बीएसएनएल ने भी इस ओर
लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को बीएसएनएल के अफसरों
ने ग्राहक सेवा केंद्र पर लोगों को डिजिटल इंडिया के तहत निकट भविष्य में
लगने वाले आधुुनिक तकनीक के टेलीफोन एक्सचेंजों के अलावा ब्राडबैंड,
मोबाइल, सीडीएमए, वाईमैक्स आदि के बारे में बताया। उधर, अफसरों ने शुक्रवार
को ग्राहक सेवा केंद्र के खराब प्रिंटरों एवं सिस्टमों को दुरुस्त कराने
की कवायद शुरू की तो मोबाइल सेवा कस्टमर केयर नोड सीसीएन पर बढ़ते काम के
बीच लोगों को हो रही दिक्कतों पर चर्चा की।
देशभर में बीएसएनएल की रोमिंग
फ्री होने के सीसीएन पर सिम रिप्लेसमेंट, न्यू एवं ओल्ड नंबरों के
एक्टीवेशन का कार्य बढ़ गया है, जिससे उपभोक्ताओं को सेवाएं प्राप्त करने
में असुविधाएं हो रही हैं। इसको लेकर लोगोें ने टीडीएम संजय केसरवानी से
अतिरिक्त सीसीएन प्रभारी तैनात करने की मांग की।
टीडीएम से पूर्व में
सीसीएन में अतिरिक्त प्रभारी के रूप में तैनात रह चुके अनुभवी जेटीओ आशीष
सिंह को सीसीएन में तैनात करने की मांग की गई, ताकि सीसीएन पर लोगों को
त्वरित सेवाएं मिल सके। इस बाबत टीडीएम ने बताया कि वे जल्द सीसीएन में नई
तैनाती करेंगे। बताया कि बीएसएनएल द्वारा डिजिटल इंडिया के कार्यक्रम के
तहत जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन के साथ नई तकनीक अपडेट की दिशा में
कार्य किया जा रहा है।