- अचानक जेसीबी रोक देने से खनन निरीक्षक का वाहन हुआ क्षतिग्रस्त
- रात तीन बजे टीम ने की कार्रवाई, जेसीबी सीज
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बृहस्पतिवार रात छापामारी के दौरान चालक जेसीबी लेकर भाग निकला। टीम ने करीब 30 किलोमीटर पीछा कर जेसीबी को पकड़ लिया। पीछा करते समय चालक ने अचानक ब्रेक लगा देने से खनन निरीक्षक वाहन जेसीबी से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। खनन निरीक्षक ने जेसीबी को लोनार थाने लाकर सीज कर दिया है। जुर्माना आदि की कार्रवाई शुरू की है।
बृहस्पतिवार रात खनन की जानकारी पर खनन निरीक्षक अजीत कुमार ने टीम के साथ छापामारी की तो, लोनार थाना क्षेत्र में नकटौरा में बरवन गांव के पास एक खेत में जेसीबी खनन करती दिखाई दी। टीम को देखकर चालक जेसीबी लेकर भाग निकला। खनन निरीक्षक ने बताया कि टीम जेसीबी को पकड़ पाती कि चालक जेसीबी को लेकर भागने लगा।
टीम ने भी पीछा किया। चालक जेसीबी को लेकर लमकन और घटवासा होते हुए ललुआमऊ तक ले गया। ललुआमऊ गांव में जेसीबी निकलने का रास्ता न मिलने पर ब्रजेश के मकान पास चालक जेसीबी छोड़कर भाग गया।
इस दौरान जेसीबी से टकराकर उनके वाहन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया है। बताया कि थाना हरपालपुर पुलिस की मदद से जेसीबी को पकड़कर थाना लोनार लाया गया है। जेसीबी शहर के मोहल्ला नघेटा रोड निवासी पुनीत गौरव सिंह की है। जेसीबी को सीज कर जुर्माने की प्रक्रिया शुरू की गई है।