हरदोई। दोबारा खुली बैठक का आयोजन कर उसी में कोटे का चयन कराए जाने की मांग को लेकर पिहानी ब्लाक के फत्तेपुर गांव के लोगों ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप जल्द कार्रवाई की मांग की।
गांव के अरविंद सिंह व सालिकराम ने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत में कोटे के चयन के लिए खुली बैठक होनी थी। जिसमें ग्राम प्रधान ने तीन मई को बिना किसी पूर्व सूचना के मंदिर पर ही कुछ लोगों को बुलाकर बैठक कर ली। जो किसी भी तरह से न्याय संगत नहीं है जिसका ग्रामीण विरोध करते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि इस बैठक व उसमें जिन कार्यों को करवाए जाने की सहमति दी है उनकी भी जांच कराकर कार्यों को निरस्त कराए जाने की मांग की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने सिटी मजिस्ट्रेट जितेंद्र मोहन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई कराए जाने की मांग की। इस मौके पर राजेश सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।