सूबे में कानून - व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने को डीजीपी के फरमान पर शनिवार को एसपी से लेकर दरोगा-सिपाही तक सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग करते नजर आए। प्रमुख चौराहे पर वाहनों की चेकिंग की गई। वहीं नुमाइश चौराहे पर अतिक्रमण हटवाया गया। अफसरों ने रामलीला मैदान में प्रदर्शनी की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने दलबल के साथ नुमाइश चौराहा से शाहजहांपुर रोड ,घंटाघर रोड आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने रामलीला मैदान में दो पहिया वाहनों के आवागमन पर और गेट पर सुरक्षा कर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिए। नुमाइश चौराहा स्थित फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को फटकार लगाई। चौराहा के आसपास लगने वाले ठेले और फुटपाथ रखी दुकानों को हटवाया ताकि जाम की स्थित न बने। इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक बीसी दुबे, शहर कोतवाल सुजीत दुबे सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
तीन बसों को किया सीज
चेकिंग के दौरान चौराहे पर बस खड़ी कर सवारियां भर रहे एक निजी बस चालक से जब कागजात दिखाने को कहा तो वह नहीं दिखा सका। इस बस की सवारियों को उतार कर बस व चालक को कोतवाली भेजा। इसके बाद एक बस में क्षमता से अधिक सवारियां होने पर उसकी सवारियों को उतार कर बस व चालक को कोतवाली भेजा। एक बस शाजहांपुर से आ रही थी। चालक से परमिट और कागजात मांगे गए तो उसके न दिखाने पर उसके वाहन को सीज करने के लिए कोतवाली भेजा।
फुटपाथ पर अतिक्रमण करने पर चालान के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने फुटपाथ अतिक्रमण करने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए। कहा कि अगर कोई दुबारा अतिक्रमण करता है तो उसका चालान किया जाए। साथ ही अवैध रूप से पार्किंग करने वाले वाहन स्वामियों पर जुर्माना किया जाए।
चालान करने से बचते रहे टीएसआई
पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने चौराहे के आसपास सड़क पर खड़े वाहनों के चालान काटने के लिए यातायात प्रभारी दीन दयाल से कहा तो पहले तो वह चालान बुक ही नहीं लाए और उसके बाद लाए तो उसको खोलने के स्थान पर एसपी से दूरी बना ली।
सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस ने की चेकिंग
बिलग्राम के कोतवाल आरपी सोनकर के नेतृत्व में बस स्टैंड चौराहा, सदर बाजार, बैंकों तथा सर्राफा बाजार तक पैदल मार्च करते हुए निरीक्षण किया।
फरमान पर नहीं हुआ अमल
शाहाबाद में हाकिम का फरमान पर नगर में अमल नहीं हुआ। शनिवार को कप्तान सड़क पर चेकिंग कर रहे थे। वहीं कार्यवाहक कोतवाल अशोक कुमार सिंह यादव ने बताया कि फोर्स की कमी होने से चेकिंग अभियान नहीं चलाया जा सका।
संडीला में हुई चेकिंग
संडीला कोतवाल डीपी सिंह ने शनिवार को सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया। वह सीमावर्ती गांव तेरिया और गोपालपुर समेत कुछ गांवों में पहुंचे और सड़क से गुजर रहे वाहनों आदि की चेकिंग की। नगर में चेकिंग से हड़कंप मच गया।