मृतक होमगार्ड के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : Amar ujala
कोतवाली से ड्यूटी कर लौट रहे होमगार्ड का शव संदिग्ध हालात में सड़क पर पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल कर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के गांव लच्छीपुर निवासी हरिनाम सिंह (45) पुत्र टीकाराम होमगार्ड था। मंगलवार को उसकी मल्लावां कोतवाली में ड्यूटी लगी थी। ड्यूटी करने के बाद शाम को हरिनाम सिंह साइकिल से घर लौट रहा था। राघौपुर रोड पर कलेनापुर गांव के पास राहगीरों ने उसका शव पड़ा देख परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की। मृतक के भाई ने कोतवाली में तहरीर दी है। रामनरेश ने बताया कि हरिनाम के नाम मात्र एक बीघा जमीन है। वह होमगार्ड की ड्यूटी से मिलने वाले मानदेय से ही पत्नी और चार बच्चों अंश (15), गुड़िया (8), आशी (5) और शीशांक (3) का पालन पोषण करता था। कोतवाल भगवान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।