फोटो-18- सोल्जर बोर्ड चौराहा के पास ऊंची सड़क नीचा फुटपाथ। संवाद
- सोल्जर बोर्ड चौराहे से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक मार्ग पर दोनों ओर फुटपाथ नीचे हैं
- अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वीआईपी का मार्ग से होता है आवागमन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। शहर में वैसे तो विकास कार्य कराए जा रहे हैं। लखनऊ रोड से शहर में प्रवेश करने के बाद सोल्जर बोर्ड चौराहा से लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस तक मुख्य मार्ग ऊंचा और फुटपाथ नीचे हैं। मार्ग के दोनों ओर फुटपाथ नीचे होने से लोगों को दो पहिया से लेकर बड़े वाहनों तक के आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
शहर के सबसे महत्वपूर्ण चौराहा सोल्जर बोर्ड चौराहा पर सरकारी स्कूल, कार्यालय के साथ ही कलक्ट्रेट भी स्थित हैं। सोल्जर बोर्ड चौराहा से लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस होते हुए जेल रोड को जोड़ने वाले इस मार्ग पर अधिकारियों, जनप्रतिनिधि और जिले में भ्रमण पर आने वाले वीआईपी भी गुजरते हैं।
मार्ग पर करीब चार साल पहले नगर पालिका परिषद की ओर से डिवाइडर बनवाए गए थे। जिसके बाद मार्ग का उच्चीकरण कराया गया है। जिससे मार्ग फुटपाथ से करीब 8-10 इंच तक ऊंचा हो गया है। जिससे मार्ग पर गुजरने वाले राहगीरों को फुटपाथ पर वाहन लाने और फुटपाथ से मुख्य मार्ग पर वाहन ले जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हादसों की भी आशंका रहती है। सोल्जर बोर्ड चौराहा से लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस तक मार्ग की लंबाई करीब 800 मीटर होगी। दोनों ओर के फुटपाथ नीचे हैं।
समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा
सोल्जर बोर्ड चौराहा से लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस तक मार्ग नगर पालिका परिषद के अधीन आता है। मुख्य मार्ग ऊंचा और फुटपाथ नीचा होने की जानकारी हुई है। जल्द इस समस्या के समाधान के लिए रणनीति तय कर काम कराया जाएगा। जिससे लोगों को सड़क और फुटपाथ एक समान ऊंचाई में मिल सके।-रामेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद