फोटो-09- सिनेमा रोड पर धूप में दुपट्टा ओढ़कर जातीं छात्राएं। संवाद
तापमान 40 डिग्री के पार, झुलसा रही तेज धूप
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जैसे-जैसे अप्रैल की दोपहरी तेज होती जा रही है, वैसे-वैसे मौसम का मिजाज भी तल्ख होता जा रहा है। सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। लू के थपेड़ों और धधकती धूप के बीच हर राहगीर गर्मी से राहत की तलाश में दिख रहा है।
तेज धूप की वजह से गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया। सड़कों पर निकले लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते नजर आए। महिलाएं छाता लगाकर चलती रहीं, वहीं पुरुष गमछा से सिर और चेहरा ढककर तेज धूप से अपना बचाव करते दिखे।
गर्म हवाओं और तपती धूप के चलते शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ कम रही। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नींबू पानी, जलजीरा, और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए। छोटे-छोटे बच्चों में कुल्फी और आइसक्रीम की मांग बढ़ गई।
मौसम वेधशाला प्रेक्षक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि बुधवार को हवाओं ने गति पकड़ ली है। 8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहीं गर्म हवाओं के चलते लोग बेहाल रहे। तेज धूप के चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पर रहा और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पर रहा।