हरदोई। बड़े भाई के साथ एक गांव में करीबी रिश्तेदार को छोड़ने गए किशोर को गांव के कुछ लोगों ने पकड़ लिया। किशोर किसी तरह भाग निकला, लेकिन बड़े भाई को मौके से निकलने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। घर पहुंचे बड़े भाई को कुछ देर बाद किशोर का शव फंदे पर लटकता मिलने की जानकारी मिली।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोर (17) कक्षा 11 का छात्र था। उसका बड़ा भाई बृहस्पतिवार को पनीर लेने के लिए टड़ियावां चौराहा गया था। वहां किशोर पहले से मौजूद था। इसी दौरान किशोर के सबसे बड़े भाई का साढ़ू भी वहां आ गया। किशोर और साढ़ू के गांव में आधा किलोमीटर की दूरी है। बाइक से किशोर अपने बड़े भाई के साथ साढ़ू को छोड़ने उसके गांव गया था। गांव निवासी एक छात्रा से किशोर की नजदीकियां थीं। किशोर को गांव में देखकर किशोरी के परिजनों ने भाई समेत किशोर को पकड़ लिया। किशोर मौके से भाग निकला। कुछ देर बाद किशोर का भाई भी बाइक समेत वहां से निकलने में कामयाब रहा।
कुछ देर बाद किशोर ने बड़े भाई को फोन किया तो पता चला कि वह घर पहुंच गया है। उसने भी घर आने की बात कही। कुछ देर बाद किशोर का शव गांव के बाहर ही एक पेड़ से कपड़े की चींट से बने फंदे से लटकता मिला। सीओ हरियावां अजीत चौहान ने बताया कि परिजनों की तरफ से कोई सूचना नहीं मिली थी। अब पता चला है तो पूरे मामले की जांच की जा रही है। परिजन तहरीर देंगे तो उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।